शुक्रवार के दिन लखनऊ में उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर भारत का विश्व में उज्जवल स्थान है तो उत्तर प्रदेश देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। देश के विकास कार्यों एवं निवेश के लिए अनुकूल माहौल पर ध्यानाकर्षण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि; उत्तर प्रदेश देश के विकास का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत मजबूरी से नहीं बल्कि दृढ़ विश्वास से सुधारात्मक कदम बढ़ा रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि; यूपी का विकास उल्लेखनीय रहा है। पहले लोगों का मानना था कि उत्तर प्रदेश का विकास करना मुश्किल है। यहाँ कि कानून एवं शासन की व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो सकता। यूपी पहले मात्र घोटालों के लिए जाना जाता था और इसके सुधार की कोई उम्मीद नजर नहीं आती थी। पर मात्र 5-6 वर्षों में यूपी ने अपनी नई पहचान बनाई है। आज यूपी अपने सुशासन, शांति, स्थिरता एवं लॉ एंड ऑर्डर के लिए जाना जाता है।
पीएम मोदी ने कहा कि; आज युवाओं के विचारों एवं आकांक्षाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। यही आकांक्षाएं सरकार को विकास कार्य करने के लिए प्रेरित कर रही हैं। आज विश्व यह मान रहा है कि भारत विकास की ओर बढ़ती अर्थव्यवस्था है। ये भारतीयों के बढ़ते आत्मविश्वास का परिणाम है।
UP Investor Summit: निवेशकों को लुभाने मुंबई में रोड़ शो करेंगे CM योगी
प्रधानमंत्री ने कहा कि; भारत में सोशल, डिजिटल और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जो काम हुआ है, उससे यूपी को भी फायदा मिला है। केंद्र द्वारा दर्जनों कानूनों को खत्म किया गया है। देश आज सही मायने में गति एवं पैमाने के पथ पर अग्रसर है। भारत आज दृढ़ निश्चय से आर्थिक सुधार कर रहा है, मजबूरी से नहीं। 40,000 से अधिक अनुपालन हटा दिए गए हैं जिससे कई कानून समाप्त हो गए हैं।
प्रधानमंत्री ने इस दौरान जानकारी देते हुए बताया कि; इस साल के बजट में एनर्जी ट्रांजिशन के लिए 35,000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। ये भारत की हरित क्रांति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही मिशन ग्रीन हाइड्रोजन इसी प्रतिबद्धता को बल देता है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि; यूपी में देश के 60 प्रतिशत से अधिक मोबाइल का उत्पादन होता है। देश के दो सैन्य कॉरिडोर भी यहीं स्थित है। साथ ही यहाँ पर डेयरी, मछली पालन एवं फूड प्रोसेसिंग को लेकर यूपी में अनंत संभावनाएं मौजूद है। प्रधानमंत्री के अनुसार यूपी में डेयरी, मत्स्यपालन, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों और प्राकृतिक कृषि में नई पहल गई है। वहीं वर्तमान में भारत फसल विविधीकरण और किसानों की लागत को कम करने में केंद्रित है। यही वजह है कि सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है।
UP में हैं आर्थिक पावर हाउस बनने की क्षमता: भारतीय राजदूत तरनजीत संधू
पीएम के अनुसार सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर पर रिकॉर्ड खर्च कर रही है ताकि इस क्षेत्र में नए अवसर सृजित हों। प्रधानमंत्री ने सभी का आह्वान करते हुए सभी उद्योगपतियों से कहा कि मैं आप सभी को विशेष रूप से हरित विकास के पथ पर आमंत्रित करता हूँ, जिस पर भारत चल पड़ा है।
उल्लेखनीय है कि यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 राज्य सरकार द्वारा प्रमुख निवेश शिखर सम्मेलन है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दुनिया भर के नीति निर्माताओं, बिजनेस लीडर, शिक्षाविदों, थिंक टैंक और नेताओं को सामूहिक रूप से व्यापार के अवसरों का पता लगाने और साझेदारी बनाने के लिए एक साथ लाना है।
इन्वेस्टर्स यूपी 2.0 उत्तर प्रदेश में एक व्यापार, निवेश-केंद्रित और सेवा-उन्मुख निवेश पारिस्थितिकी तंत्र है जो निवेशकों को प्रासंगिक, मानकीकृत सेवाएं एवं अच्छी तरह से परिभाषित करने का प्रयास करता है।