अमेरिका की सीनेट में सांसद इल्हान ओमर द्वारा बीते वर्ष पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर की यात्रा पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित की गई थी। पाकिस्तान द्वारा इसके लिए इल्हान ओमर को ठहरने, भोजन और यात्रा के लिए धनराशि दी गई थी। (US Congresswoman Ilhan Omar’s controversial visit to PoK was sponsored by Pakistan) इसका खुलासा अमेरिका की सीनेट के समक्ष प्रति वर्ष रखे जाने वाले आय-व्यय के ब्योरे से हुआ है जिसमें इल्हान ने स्वीकार किया है कि उन्होंने पाकिस्तान से धनराशि लेकर वहां की यात्रा की। उनके द्वारा पेश किए गए कागजों में स्पष्ट रूप से पाकिस्तान की सरकार का नाम अंकित है।
इल्हान ओमर द्वारा दिए गए दस्तावेजों से स्पष्ट हुआ है कि उन्होंने कतर की यात्रा भी सरकारी खर्चे पर की थी। इल्हान ओमर अमेरिका की डेमोक्रेट-लेबर-फार्मर पार्टी की सांसद हैं और अपने इजरायल और भारत विरोधी रवैये के लिए जानी जाती हैं। इल्हान ने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अमेरिकी संसद को संबोधित करने के कार्यक्रम का भी बहिष्कार किया था और उसमें शामिल नहीं हुई थी।
इल्हान कश्मीर और भारत के आंतरिक मुद्दों को लेकर लगातार जहर उगलती आई हैं। इल्हान बायडेन प्रशासन पर यह दबाव बनाती आई हैं कि वह मोदी सरकार की मुस्लिमों के उत्पीड़न के झूठे आरोपों के आधार पर आलोचना करे। इल्हान ने 20-24 अप्रैल 2022 को पकिस्तान की यात्रा की थी।
इस यात्रा में इल्हान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के शहर मुजफ्फराबाद गई थी। उनके इस दौरे की भारतीय विदेश मंत्रालय ने आलोचना की थी। इल्हान ने इस दौरे में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, विपक्ष के नेता इमरान खान और विदेश राज्य मंत्री हिना रब्बानी खार से भी मुलाक़ात की थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा था, “हमने अमेरिकी सांसद इल्हान ओमर के जम्मू कश्मीर के उस हिस्से में दौरे का संज्ञान लिया है जो कि वर्तमान में पाकिस्तान के अनाधिकृत कब्जे में है। यदि वह यह संकीर्ण मानसिकता वाली राजनीति करना चाहती हैं तो वह अमेरिका में कर सकती हैं लेकिन हमारी भूमि पर ऐसे कृत्य हमें स्वीकार नहीं हैं और हम इसकी आलोचना करते हैं।”
इल्हान ने खालिस्तान की वकालत करने वाले अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद उठाए गए क़दमों पर भी बयान जारी किया था। इल्हान लम्बे समय से भारत के विरुद्ध काम करती आई हैं।
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी स्टेट विजिट: एंटी इंडिया लॉबी को क्यों है कांग्रेस का समर्थन प्राप्त?