साल 2023 का चुनावी मौसम शुरू हो गया है। इसकी शुरूआत पूर्वात्तर राज्यों से हो रही है।
चुनाव आयोग ने आज बुधवार (18 जनवरी, 2023) को पूर्वोत्तर क्षेत्र के तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव का ऐलान कर दिया है।
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार ने मीडिया से बातचीत में इस बात की जानकारी देते हुए कहा है कि त्रिपुरा में आगामी 16 फरवरी को सभी 60 विधानसभा सीटों पर एक चरण में चुनाव सम्पन्न होने हैं।
वहीं, नागालैंड और मेघालय में 27 फरवरी को चुनाव होने हैं। दोनों राज्यों की 60-60 विधानसभा सीटों पर भी एक चरण में ही चुनाव सम्पन्न होगा। इन तीनों चुनावों के परिणाम 2 मार्च को घोषित किए जाएंगे।

बता दें कि इन तीनों राज्यों की विधानसभा का कार्यकाल सम्पन्न होने जा रहा है। नागालैंड, मेघालय और त्रिपुरा विधानसभा का कार्यकाल क्रमश: 12, 15 और 22 मार्च को समाप्त हो रहा है।
चुनाव आयोग के अनुसार त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 30 जनवरी, 2023 है। जबकि नागालैंड और मेघालय विधानसभा चुनाव में नामांकन की अन्तिम तिथि 8 फरवरी रखी गई है।
चुनाव आयोग के आधिकारिक जानकारी के मुताबिक नागालैंड में कुल 16 जिलों के 13,09,651 मतदाता पंजीकृत हैं। नागालैंड में 59 विधानसभा सीटें अनुसूचित जनजाति के आरक्षित है। जबकि 1 सीट सामान्य वर्ग के लिए है।
मेघालय की बात करें तो यहाँ के कुल 12 जिलों में 21,61,129 मतदाता पंजीकृत हैं। विधानसभा सीटों में आरक्षण की बात करें तो 5 सीटें सामान्य वर्ग के लिए जबकि 55 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।
वहीं, त्रिपुरा के आठ जिलों में 28,13,478 मतदाता पंजीकृत हैं। सीटों की बात करें तो सामान्य वर्ग के लिए 30 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए क्रमश: 10 और 20 सीटें आरक्षित हैं।
चुनाव आयोग ने बताया है कि इन 3 राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 180 विधानसभा क्षेत्रों में 9,125 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएँगे। इसमें भी ग्रामीण क्षेत्रों में 80% से अधिक पोलिंग बूथ होंगे। वहीं 70% मतदान केन्द्रों में वेबकास्टिंग की भी सुविधा उपलब्ध होगी।