अफगानिस्तान में ईरानी दूतावास के बाहर हिजाब के विरोध में प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को तितर-बितर करने के लिए तालिबान शासन ने गुरुवार (सितम्बर 29, 2022) को हवाई फायर की है।
काबुल स्थित ईरानी दूतावास के बाहर 25 अफगानी महिलाएँ, ईरान में हो रहे विरोध प्रदर्शन को समर्थन करते हुए ‘महिलाओं के जीवन और उनकी स्वतंत्रता’ के नारे लगा रही थीं। हालाँकि, तालिबान शासन ने महिलाओं की इस आवाज को हवाई फायरिंग कर दबा दिया।
महिला प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर लिए हुए विरोध कर रही थी। बैनर में विरोध प्रदर्शन को सराहना करते हुए लिखा हुआ था, ‘ईरान बढ़ गया है’, ‘अब हमारी बारी है’ और ‘काबुल से ईरान तक, तानाशाही को ना कहो’।
ईरान की राजधानी तेहरान में नैतिक पुलिस ने 22 वर्षीय महसा अमिनी को ठीक से हिजाब न पहनने के जुर्म में गिरफ्तार किया था। पुलिस हिरासत में महसा अमिनी की मृत्यु हो गई थी।
महसा अमिनी की मृत्यु के बाद ईरान की सड़कों पर हिजाब के विरोध में महिलाओं की आजादी के नारे के साथ बीते दो सप्ताह से प्रदर्शन चल रहे हैं। इस विरोध-प्रदर्शन के बाद कई लोगों की जान भी चली गई है।