राजस्थान पिछले 5 वर्षों में दो वजहों से सुर्ख़ियों में रहा है। पहली वजह है अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच सत्ता के लिए होने वाली खींचतान और दूसरी वजह रही राजस्थान की बिगड़ती कानून व्यवस्था। राजस्थान में गहलोत सरकार अपना कार्यकाल पूरा कर चुकी है ठीक एक महीने बाद चुनाव हैं लेकिन दोनों कारणों से राजस्थान चर्चा में बना ही हुआ है। ताजा मामला भरतपुर का है जहाँ रास्ते के विवाद में ट्रैक्टर से कुचलकर एक युवक की हत्या कर दी गई।
हत्या ऐसी नृशंस कि आरोपी ट्रैक्टर ड्राइवर ने जमीन पर पड़े युवक पर 8 बार ट्रैक्टर का पहिया चढ़ाया। बेरहमी से किए गए इस मर्डर का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो ऐसा कि आपको विचलित कर सकता है लेकिन यह वीडियो किसी शख्स को विचलित नहीं कर सकता है तो वो हैं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत।
#Horrific : A young man was crushed to death by a tractor over a land dispute in Rajasthan's Bharatpur. pic.twitter.com/yHRJVEDuPo
— Baba Banaras™ (@RealBababanaras) October 25, 2023
अशोक गहलोत अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में ऐसी ही कई वीभत्स घटनाओं के गवाह बन चुके हैं। कभी एक लड़की का बलात्कार कर उसे जिन्दा भट्टी में जला दिया गया, आदिवासी महिला को निर्वस्त्र कर घुमाया गया, कई किशोरियों के साथ बार बार गैंगरेप हुए, कट्टरपंथियों ने कन्हैयालाल की गर्दन काट दी गयी लेकिन सच अब यही है कि कानून व्यवस्था के मुद्दे पर अशोक गहलोत को मौन साधने अच्छा अभ्यास हो चुका है इसलिए भरतपुर की घटना पर भी कोई उम्मीद नहीं रखनी चाहिए।
सरकारी आंकड़े उम्मीद को और अधिक धराशाई करते हैं।राजस्थान में वर्ष 2021 के मुकाबले वर्ष 2022 में क्राइम 11.61 प्रतिशत बढ़ा। रेप के मामलों में 11.93 प्रतिशत की बढ़ोतरी, डकैती के मामले में 33.33 प्रतिशत, हत्या के प्रयास के मामलों में 21.73 प्रतिशत की बढ़ोतरी। यही बढ़ोतरी का पैटर्न वर्ष 2023 में भी रहा। हालाँकि, अशोक गहलोत ने इसमें भी जादूगरी दिखाई और कहा कि मामले बढ़ें हैं तो न्याय भी बढ़ा है।
वे किस न्याय की बात कर रहे थे जो समाज में अपराधियों के लिए उदाहरण तक पेश नहीं कर पा रहा था। उदाहरण पेश करने की जिम्मेदारी मंत्री शांति धारीवाल ले रहे थे जो रेप में नंबर वन होने का कारण राजस्थान को मर्दों का प्रदेश बता रहे थे।
अब इसी प्रदेश में चुनाव हैं तो कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता भी चुनाव प्रचार के लिए पहुंच रहे हैं। प्रियंका वाड्रा आज राजस्थान पहुंच रही हैं। क्या वे भरतपुर का दौरा करेंगी? क्या वे वैसा ही विरोध दिखाइयेगीं जैसा गैर कांग्रेस शासित प्रदेशों में होने वाली घटनाओं पर दिखाती हैं?
प्रियंका गाँधी हों या अशोक गहलोत या फिर राहुल गाँधी, पूरी कांग्रेस पार्टी की मोहब्बत वाली दुकान भी उस ट्रैक्टर के पहिए की तरह है जो इंसानियत की हत्या होने तक उसे कुचलने के लिए आतुर है।