छत्तीसगढ़ में मंगलवार को बिश्रामपुर सुरजापुर एक रैली को संबोधित कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस जब भी सत्ता में आती है तब देश में आतंकवादियों और नक्सलियों का हौसला बढ़ जाता है। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस राज्य में नक्सलवाद पर रोक लगाने में विफल रही है।
रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब भी कांग्रेस सत्ता में आती है तो देश में आतंकवादियों और नक्सलियों का साहस बढ़ जाता है। कांग्रेस सरकार नक्सली हिंसा को नियंत्रित करने में विफल रही है। हाल के दिनों मे कई भाजपा कार्यकर्ता इसका शिकार बने हैं। कुछ दिन पहले हमारे एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां आदिवासी परिवारों की कई लड़कियां गायब हो गई हैं। कांग्रेस नेताओं के पास इसका कोई जवाब नहीं है। कांग्रेस की तुष्टीकरण की नीति के कारण राज्य के सरगुजा क्षेत्र में त्योहार मनाना कठिन हो गया है।
कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने द्रौपदी मुर्मू को भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनने से रोकने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि क्या किसी ने सोचा था कि एक आदिवासी परिवार से आने वाली एक महिला भारत की राष्ट्रपति बन सकती है। आप कल्पना नहीं कर सकते कि कांग्रेस ने द्रौपदी मुर्मू को भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनने सेरोकने की कितनी कोशिश की, लेकिन यह भाजपा ही थी जिसने यह सुनिश्चित किया उसका सम्मान करें। उन्होंने आगे कहा कि जब सबसे पुरानी पार्टी केंद्र में सत्ता में थी, तो उसकी सोच थी कि आदिवासियों के लिए पैसा खर्च करना बर्बादी है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के विकास की बात करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेई के नेतृत्व में बीजेपी ने छत्तीसगढ़ का गठन किया गया था। आज पूरा छत्तीसगढ़ कह रहा है कि ‘बीजेपी ने बनाया है, बीजेपी ही संवारेगी’।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान जारी है। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 11 बजे तक छत्तीसगढ़ में 22.97 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। दस सीटों के लिए सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ, जिसमें मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंटा शामिल हैं। ज्ञात हो कि प्रदेश में में दो चरणों में चुनाव होना है। दूसरा चरण 17 नवंबर को पूर्ण होगा। वहीं वोटों की गिनती 3 दिसंबर को की जाएगी।
यह भी पढ़ें- हिंदुओं को बांटकर देश को बांटना चाहती है कांग्रेस; जातिगत सर्वे पर प्रधानमंत्री मोदी का पलटवार