प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट 75 अमृत सरोवर देश के हर जिले में समय से पहले पूरा होता दिखाई रहा है। ग्राम विकास मंत्रालय द्वारा जारी की गई एक रिपोर्ट में बताया गया है कि देश में 15 अगस्त, 2023 तक 50,000 अमृत सरोवर बनाने के लक्ष्य को पहले ही पूरा कर लिया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अप्रैल 2022 में देश भर के हर जिले में कम से कम 75 अमृत सरोवर बनाने का मिशन चालू किया था। इसके तहत नए सिरे से तमाम सरोवरों का निर्माण किया जाना था। इन सरोवरों के जरिए जल संरक्षण और स्थानीय पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
इन अमृत सरोवरों को 15 अगस्त, 2023 के आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में बनाया जा रहा है। ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभी तक देश भर में 72,297 सरोवरों पर काम चालू कर दिया गया है। इनमें से 50,071 पर काम पूरा भी हो चुका है।

पूरे देश में अभी तक 1.05 लाख अमृत सरोवर बनाने की जगह पहचानी जा चुकी है। इन अमृत सरोवरों के जरिए स्थानीय स्तर पर पर्यटन को भी बढ़ावा मिले, इसके लिए अधिकांश अमृत सरोवरों को परंपरा के अनुसार बनाया गया है।
सरोवरों के आसपास लोगों के टहलने के लिए ट्रैक बनाए जा रहे हैं और छायादार वृक्ष भी लगाए गए हैं। कुछ जिलों में सरोवरों में नौकायन की भी व्यवस्था की गई है।
सभी जिलों में अमृत सरोवर बनाने पर युद्धस्तर पर काम चल रहा है। देश की जनता में जल संरक्षण की भावना को बढ़ाने के लिए चालू की गई प्रधानमंत्री की यह पहल काफी प्रशंसा पा रही है। वर्ष 2019 में 3.5 लाख करोड़ से हर घर नल से जल पहुंचाने के मिशन के बाद जल को लेकर यह दूसरी बड़ी परियोजना है।
अमृत सरोवर का स्थानीय लोगों से मानसिक स्तर पर जुड़ाव हो इसके लिए भी ग्रामीण विकास मंत्रालय प्रयास कर रहा है। इसके लिए मंत्रालय ने उपयोग करने वालों का समूह बनाया है जोकि आसपास के समाज से होंगे।
अभी तक 1,784 स्वतंत्रता सेनानियों, 684 शहीदों के परिवारों और 18,173 वरिष्ठ नागरिकों समेत 56 पद्म पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को भी शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें: भारत में पहली बार हुई जलाशयों की गिनती, जानें यह कैसे बदल सकता है सिंचाई की तस्वीर