प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार (26 जुलाई, 2023) को भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर एक बड़ी गारंटी देश को दे डाली। उन्होंने कहा, मेरे तीसरे कार्यकाल में भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था होगा।
नई दिल्ली के प्रगति मैदान में स्थित नए कन्वेंशन सेंटर भारत मंडपम के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी सम्बोधित कर रहे थे। अपने सम्बोधन में पीएम मोदी ने कहा, मेरे पहले कार्यकाल में भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी। वहीं दूसरे कार्यकाल में भारत ब्रिटेन को पीछे छोड़ दुनिया की 5वीं अर्थव्यवस्था बनी।
पीएम मोदी ने कहा, आज हमारी सरकार के स्तम्भ और पिछले टर्म के कार्यों का परिणाम पूरा देश देख रहा है। आज देश का विश्वास पक्का हो गया है कि अब भारत की विकास यात्रा रुकने वाली नहीं है। उन्होंने आगे कहा, मैं देशवासियों को यह विश्वास दिलाता हूँ कि 2024 के बाद तीसरे टर्म में देश की विकास यात्रा और तेजी से बढ़ेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अर्थव्यवस्था को लेकर तो संकेत दिया ही है, साथ ही, यह संकेत भी दिया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन जीतेने वाला है और लगातार तीसरी बार नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री के पद पर आसीन होंगे।
भारत इस समय विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। तीसरे कार्यकाल यानी 2024 से 2029 के बीच भारत को दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने के लिए अभी जर्मनी और जापान को पछाड़ना होगा।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के प्रगति मैदान में नए IPTO कॉम्प्लेक्स ‘भारत मंडपम’ का उद्घाटन किया। पीएम ने इस दौरान स्मारक टिकट और सिक्का भी जारी किया। केन्द्र सरकार ने प्रगति मैदान को नया रूप देने के लिए लगभग 2,700 रुपए की लागत के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी थी।
भारत मंडपम पर PM मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज दुनिया यह स्वीकार कर रही है कि भारत लोकतंत्र की जननी है। आज जब हम आजादी के 75 वर्ष होने पर अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो यह ‘भारत मंडपम’ हम भारतीयों के अपने लोकतंत्र को दिया एक खूबसूरत उपहार है।
उन्होंने कहा, कुछ हफ्तों बाद यहाँ G20 से जुड़े आयोजन होंगे। दुनिया के बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्ष यहाँ उपस्थित होंगे। भारत के बढ़ते कदम और भारत का बढ़ता कद इस ‘भारत मंडपम’ से पूरी दुनिया देखेगी।
यह भी पढ़ें: अगले 10 वर्षों में भारत होगा विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, 2035 में 10 ट्रिलियन होगी GDP: रिपोर्ट