जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा पर एक रैली के दौरान हमला किया गया है, हमले में जापान के प्रधानमंत्री बाल-बाल बचे हैं। प्रधानमंत्री पर यह हमला पाइप बम के माध्यम से किया गया है। यह कुछ ही समय के भीतर जापानी प्रमुख पर दूसरा हमला है, इससे पहले जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो अबे की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।
जापान के स्थानीय मीडिया के अनुसार, हमलावर को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया है। जापान के प्रधानमंत्री पर यह हमला उनके भाषण देने से पहले हुआ। उनकी तरफ हमलावर ने बम फेंका जो उनसे कुछ दूर गिरा और फट गया। धमाका काफी जोरदार था और इस बम को एक पाइप में रखा गया था।
यह धमाका जापान के एक पश्चिमी पोर्ट साइकाजाकी पर हुआ। यह पोर्ट जापान के शहर वाकायामा में स्थित है। प्रधानमंत्री को सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षित निकाल लिया है और उन्हें एक अन्य स्थान पर ले जाया गया है। स्थानीय समय के अनुसार यह धमाका शनिवार सुबह 11:30 बजे हुआ।

इस धमाके को अंजाम देने वाले आरोपित को सुरक्षाबलों ने तुरंत ही पकड़ लिया। इस धमाके में अन्य किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है। जापान की स्थानीय समाचार वेबसाइट NHK के अनुसार, प्रधानमंत्री उपचुनावों के लिए एक उम्मीदवार के समर्थन में भाषण देने गए थे।
इससे पहले जुलाई 2022 में भाषण देने के दौरान ही जापान के पूर्व लोकप्रिय प्रधानमंत्री शिंजो आबे की एक सिरफिरे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्यारे के पास से उसकी खुद की बनाई हुई एक विशेष प्रकार की बन्दूक मिली थी।
जापान के प्रधानमंत्री किशिदा फुमियो ने कहा है कि उनके बोलने पहले ही उन्होंने देखा कि उनकी तरफ एक वस्तु फेंकी गई है, जिसको देख कर वह तुरंत ही घटनास्थल से हट गए। आगे उन्होंने कहा कि वह धमाके से पहले ही घटनास्थल से दूर हो चुके थे। प्रधानमंत्री ने अपने आगे के कार्यक्रमों को जारी रखने की बात भी कही है।
गौरतलब है कि आबे भी फुमियो के दल लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी से ही संबंध रखते थे और उनकी हत्या उस क्षेत्र से कुछ ही दूर पर हुई थी। शिंजो आबे की हत्या वाले क्षेत्र की सीमाएं वाकायामा जिले से मिलती हैं। एक वर्ष के भीतर पूर्व प्रधानमंत्री और प्रधानमंत्री पर हुए हमलों के कारण जापान की VIP सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
मार्च के महीने में ही में किशिदा भारत के दौरे पर भी आए थे, जहाँ उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाक़ात की थी।
यह भी पढ़ें: शिंजो आबे की हत्या से स्तब्ध भारत