भारत जोड़ने का दावा करने वाली कॉन्ग्रेस को गोआ में बड़ा झटका लगा है। दरअसल, वफादारी की कसम खाने वाले 11 में से 8 विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। भाजपा में शामिल होने जा रहे कुछ नामों में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माइकल बोबो भी शामिल हैं।
गोआ कॉन्ग्रेस के विधायक दल ने बैठक की और भाजपा में विलय होने का संकल्प पारित किया। इससे पूर्व, भाजपा-गोआ के अध्यक्ष सदानंद तनावड़े ने इस बात का ज़िक्र करते हुए कहा था कि कॉन्ग्रेस के 8 विधायक जल्द भाजपा में शामिल होंगे।
राहुल गाँधी भारत जोड़ने निकले हैं। कम से कम दावा तो यही कर रहे हैं। हालाँकि, उनसे अपनी पार्टी तक नहीं जुड़ पा रही है। ग्रुप-23 की खलिश अभी मिटी भी नहीं थी कि गोआ में कांड हो गया। कॉन्ग्रेस के 8 विधायकों ने पार्टी को छोड़कर भाजपा का दामन पकड़ लिया। पूर्व विधायक माइकल लोबो ने तो यहाँ तक कह दिया, ‘कॉन्ग्रेस छोड़ो, भाजपा को जोड़ो’।
कॉन्ग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वालों में दिगंबर कामत, माइकल लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नाइक, संकल्प अमनोकर, एलेक्जियो सिक्वेरा, रुडॉल्फ फर्नान्डिस के नाम शामिल हो सकते हैं।
ग़ौरतलब है कि गत फरवरी माह में गोआ कॉन्ग्रेस ने ही एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि, गोआ फॉरवर्ड पार्टी गठबंधन के सभी 40 उम्मीदवार एकजुट और वफादार रहने के लिए ‘वफ़ादारी की शपथ’ (PledgeOfLoyalty) लेते हैं। साथ ही, उन्होंने कहा था कि गोआ की एकजुटता के लिए बाधक किसी भी गतिविधि का वो हिस्सा नहीं बनेंगे।