आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के कंदुकुर में तेलगु देशम पार्टी (TDP) प्रमुख और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के एक रोड शो के दौरान बुधवार (28 दिसम्बर, 2022) को भगदड़ मचने से 7 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए।
बता दें कि TDP प्रमुख अपनी पार्टी के एक अभियान के तहत जिले के दौरे पर थे, इसी के चलते उनके हजारों समर्थक कंदुकुर में एकत्रित हुए थे। हादसा उस समय हुआ जब चंद्रबाबू नायडू रोड शो में आए लोगों को संबोधित कर रहे थे। बैठक में अचानक कार्यकर्ताओं में हाथापाई होने से वहाँ भगदड़ की स्थिति बनी। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक बैठक स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे।
इस पूरे मामले पर पुलिस ने बताया कि मामले की स्पष्ट तस्वीर बाद में सामने आएगी। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। इस हादसे के चलते सभा को स्थगित कर दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री नायडू ने पार्टी नेताओं से घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को कहा, साथ ही मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए की सहायता देने की भी घोषणा कर दी है। इसके अलावा, मृतकों के बच्चों को एनटीआर ट्रस्ट शैक्षणिक संस्थाओं में पढ़ाने की बात भी की है।
यह भी पढ़ें: लॉकडाउन हटते ही चीन के श्मशानों और अस्पतालों में बढ़ी भीड़, तेजी से फैलने लगा कोविड: रिपोर्ट
हादसे को लेकर बीजेपी नेता विष्णु वर्धन रेड्डी ने ट्वीट कर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कंदुकुर, आंध्र प्रदेश में टीडीपी रैली में भगदड़ मचने से 7 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं। वे राज्य सरकार से अनुरोध करता हूँ कि वह जल्द से जल्द आपातकालीन चिकित्सा सहायता प्रदान करें। घायलों और पीड़ितों के परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएँ हैं।